पिहानी। वरीक्षा बाद लड़के पक्ष की ओर से शादी किए जाने से इनकार करने से आहत युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझिया में हुई घटना में पुलिस ने परिजनों की सूचना पर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझिया निवासी लखपति खेती करता है। उसकी पुत्री सरस्वती (19) ने बुधवार देर शाम घर में ही फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। काफी देर तक वह नजर नहीं आई तो परिजनों ने उसे कमरे में देखा और तब पूरी घटना का पता चला। लखपति ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
लखपति ने बताया कि सरस्वती का विवाह लगभग एक वर्ष पहले बेला कपूरपुर निवासी एक युवक के साथ तय हुआ था। वरीक्षा और तिलक भी हो गया था। कुछ दिन पहले लड़के परिजनों ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया था। इसको लेकर सरस्वती आहत थी और परेशान रहती थी। परिजनों के मुताबिक इसी बात को लेकर उसने खुदकुशी कर ली। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्यवाई की जाएगी।