पिहानी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंडरवा किला में डेढ़ माह की मासूम बच्ची का शव तालाब में पड़ा मिला। मां ने शौच के दौरान बच्ची के डूबने और डर की वजह से किसी को घटना की जानकारी न देने की बात कही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
शुक्रवार दोपहर पंडरवा किला निवासी लालू प्रसाद की पत्नी नेहा ने आसपास के लोगों से डेढ़ माह की पुत्री के गायब होने की बात कहकर उसे तलाशना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पिहानी कोतवाली में तैनात एसआई मोहम्मद कय्यूम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने लालू के घर से सटे तालाब में तलाश शुरू कराई तो बच्ची का शव तालाब में मिला। शव मिलने की जानकारी पर पिहानी कोतवाल एसपी शुक्ला ने भी मौके पर जाकर लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि शव कपड़ों में लिपटा था। मां नेहा ने पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि वह शौच के लिए शुक्रवार को गई थी। बच्ची भी साथ में थी।
इसी दौरान बच्ची तालाब में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई। नेहा का कहना है कि डर की वजह से उसने किसी को जानकारी नहीं दी। कोतवाल सूर्यप्रकाश शुक्ला का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। नेहा का पति लालू गुरुवार रात ही दिल्ली गया है।