शाहाबाद। कस्बे के मोहल्ला गिगियानी के एक किलोमीटर के दायरे में स्वास्थ्य विभाग की बीस टीमों ने 14345 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की। इस दौरान कोई संदिग्ध नहीं मिला।
गत रविवार को जनपद में चार कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इनमें से एक शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला गिगियानी का था। इस पर शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. प्रवीण दीक्षित ने गिगियानी के आसपास स्थित मोहल्लों बरुआ बाजार, खेड़ा बीबीजई, इमदाद बाजार, शंभा चौक, बलायकोट, खेड़ा, अमजदखेड़ा आदि में घर-घर स्वास्थ्य टीम भेजकर थर्मल स्क्रीनिंग शुरू कराई। साथ ही आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने के लिए भी प्रेरित किया। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की पांच टीमें 10960 लोगों की स्क्रीनिंग करेंगी।