हरदोई। 15 दिन की देरी से जिले में शुरू हुई गेहूं की खरीद दो दिन में तेजी पकड़ गई है। दो दिन में 98 क्रय केंद्रों में से 81 केंद्रों पर लगभग 10 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है। वहीं मंडी खुलने के बाद गेहूं की आवक भी धीरे धीरे बढ़ रही है।
डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडे ने बताया कि पंजीकरण व टोकन व्यवस्था के तहत सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए सभी क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू कर दी गई है।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए 25 मार्च से देश भर में लॉकडाउन किए जाने के बाद गेहूं की सरकारी खरीद भी स्थगित कर दी गई थी। 1 अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं की खरीद संशोधित कार्यक्रम के साथ 15 अप्रैल से शुरू हो गई है। शासन से इस बार जनपद को 10 लाख 46 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद का लक्ष्य दिया गया है।
लक्ष्य के अनुरूप खरीद के लिए शासन खाद्य विभाग समेत छह एजेंसियों के जिले भर में कुल 98 क्रय केंद्र खोले गए हैं। बुधवार और गुरुवार, दो दिनों में 98 क्रय केंद्रों में 81 क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू हो गई है। 81 क्रय केंद्रों पर दो दिन में 150 किसानों से लगभग 10 हजार क्विंटल की खरीद की गई है।
डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडे ने बताया कि सभी क्रय केंद्र क्रियाशील हैं। जहां भी उपज आ रही है, वहां शासन की मंशानुरूप खरीद कराई जा रही है। बताया कि केेंद्र पर भी कृषक पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन कराया जा रहा है।