हरदोई। संभागीय खाद्य नियंत्रक(आरएफसी) लखनऊ संतोष कुमार ने गुरुवार को संडीला व हरदोई में स्थित क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संडीला स्थित पीसीएफ के क्रय केंद्र पर प्रभारी नदारद मिले, इस पर आरएफसी ने पीसीएफ जिला प्रबंधक को केंद्र प्रभारी के खिलाफ जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिस पर डिप्टी आरएमओ ने प्रभारी को हटा दिया। वहीं शहर मंडी स्थित पीसीयू के दो क्रय केंद्रों पर तैयारी अधूरी मिलने पर दोनों केंद्र प्रभारियों को चेतावनी दी। आरएफसी ने नियमों के अनुरूप खरीद कराने के निर्देश दिए।
संडीला मंडी पहुंचे आरएफसी संतोष कुमार ने पहले विपणन के क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद वे पीसीएफ के क्रय केंद्र पर पहुंचे। क्रय केंद्र प्रभारी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले। इस पर आरएसफसी ने पीसीएफ के जिला प्रबंधक को केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद आरएफसी ने हरदोई मंडी स्थित विपणन विभाग के चार, पीसीएफ के चार, 2 पीसीयू व एसएफसी के दो क्रय कें द्रों का निरीक्षण किया। विपणन के क्रय केंद्रों पर तौल होते मिली।
निरीक्षण के दौरान पीसीयू के दोनों क्रय केंद्रों पर तैयारी अधूरी मिलने पर आरएफसी ने नाराजगी जताई और केंद्र प्रभारियों को चेतावनी देकर व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। आरएफसी ने सभी क्रय केंद्रों पर तौल कांटा समेत किसानों की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कहा कि कोरोना संक्रमण को जड़ से मिटाने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के साथ एहतियात जरूरी है। कर्मचारी, किसान व पल्लेदार सभी लोग सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करें, मुंह पर मास्क व गमछा लगाएं। साबुन व सैनिटाइजर से निश्चित अंतराल पर हाथ साफ करते रहें।
हरदोई। आरएफसी लखनऊ संतोष कुमार ने मंडी निरीक्षण के दौरान डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडे को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी केंद्रों पर रजिस्ट्रेशन के साथ ही टोकन व्यवस्था अमल में लाई जाए। किसानों को निश्चित संख्या में ही तौल के लिए बुलाया जाए। केंद्रों पर पानी, साबुन व सैनिटाइजर की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जाए।
हरदोई। निरीक्षण के दौरान संडीला स्थित पीसीएफ से संबंध क्रय विक्रय समिति के केंद्र प्रभारी के अनुपस्थित मिलने पर आरएफसी लखनऊ संतोष कुमार ने केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया था। डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडे ने बताया कि आरएफसी के निर्दश के क्रम में संडीला सहकारी क्रय विक्रय समिति लिमिटेड के सचिव द्वारा केंद्र प्रभारी राधा देवी को केंद्र प्रभारी के पद से अवमुक्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर समिति के कार्यालय के कर्मचारी राजेश कुमार को नया केंद्र प्रभारी नियुक्त किया गया है।