भारतीय किसान यूनियन के दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच प्रस्तावित रेल रोको अभियान के चलते हरदोई स्टेशन समेत हरदोई रेल खंड के सभी स्टेशनों पर गुरुवार को सुरक्षा बल खासे चौकस रहे।
हरदोई स्टेशन समेत अन्य स्टेशनों के परिसर में आरपीएफ व जीआरपी के अधिकारी व जवान लगातार गश्त करते रहे। हरदोई स्टेशन के दोनों इंट्री गेट पर लोहे के बैरीकेडिंग लगाकर सामान्य आवाजाही भी बंद करा दी गई।
दोनों गेटों पर सिविल पुलिस के अधिकारी व जवान तैनात रहे। इस दौरान सिर्फ यात्रियों को टिकट दिखाने के बाद ही अंदर जाने दिया गया। रिजर्वेशन कराने समेत अन्य कार्यों से पहुंचे अधिकांश लोगों को चार बजे के बाद आने की बात कह कर लौटा दिया गया।
आरपीएफ प्रभारी धर्मवीर सिंह व जीआरपी एसओ सुनील दत्त कौल टीम के साथ लगातार भ्रमण पर रहे। टोडरपुर व बघौली रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस लगातार गश्त करती रही। आररपीएफ समेत एसओ बेहटा गोकुल लक्ष्मीकांत मिश्रा फोर्स के साथ मौजूद रहे।
बालामऊ रेलवे स्टेशन पर जीआरपी चौकी इंचार्ज बलजीत यादव समेत सिविल पुलिस के जवान मुस्तैद रहे।
संडीला में रेल रोको अभियान को लेकर जारी अलर्ट के चलते आरपीएफ प्रभारी अखिलेश यादव व कोतवाल संडीला सुरेश कुमार मिश्र लगातार पुलिस बल के साथ स्टेशन व आस पास क्षेत्रों में भ्रमण करते रहे।
इस दौरान हरदोई रेलखंड के किसी भी स्टेशन पर भाकियू द्वारा प्रदर्शन नहीं किया जा सका।
भाकियू द्वारा प्रस्तावित रेल रोको अभियान के दृष्टिगत सुरक्षा बलों के साथ ही रेल प्रशासन भी खासा मुस्तैद रहा। मुख्यालय कंट्रोल से लगातार स्थानीय अधिकारियों से पल पल की अपडेट ली जाती रही।
इस दौरान लाइन क्लीयर रहने का मैसेज पास होने पर ट्रेनें वक्त से गुजारी गईं। अधिकारियों ने बताया कि हरदोई स्टेशन पर 12 से 4 बजे की अवधि के बीच सिर्फ त्रिवेणी एक्सप्रेस के गुजरने का समय निर्धारित है। ट्रेन हरदोई स्टेशन पर समय पर आई और उसे आगे के लिए रवाना किया गया।