हरदोई। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के आदेशों की नगरीय निकाय के जिम्मेदारों को चिंता नहीं है। ्अफसरों की सख्ती के बाद तत्योरा में तो सुधार हुआ लेकिन शहर में अभी भी कूड़ा जलाया जा रहा है। नगर पालिका के जिम्मेदार लोगों को न तो प्रदूषण बढ़ने और न ही लोगों के स्वास्थ्य की चिंता है। मुख्य मार्ग पर कूड़ा जलाए जाने से राहगीर दुर्गंध से परेशान हैं।
बढ़ने वायु प्रदूषण और वातावरण में धुंध को लेकर राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण ने फसल अवशेष जलाए जाने पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। बकायदा सैटेलाइट के जरिए इसकी निगरानी हो रही है। लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि सैटेलाइट से पराली जलाने के मामले तो पकड़े जा रहे हैं लेकिन कूड़ा जलाने के मामले रफा-दफा कर दिए जा रहे हैं।
शर में नगर पालिका परिषद की ओर से घरों-मोहल्लों से निकलने वाले कूड़े को डंपिंग स्थल भी डलवाया जा रहा है। शुक्रवार को घंटाघर मार्ग पर ही कूड़े में आग लगी दिखी। इसके धुएं और दुर्गंध से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बावन रोड पर तत्योरा के पास नहर के दोनों किनारों पर जलाए जा रहे कूड़े के एक स्थल को जेसीबी मशीन से समतल करा दिया गया। दूसरे छोर पर कूड़ा अभी भी सुलग रहा है। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने बताया कि तत्योरा के पास के कूड़ा के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। घंटाघर मार्ग पर कूड़ा जलाने के लिए जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।