मंडी में आवक की तौल करते पल्लेदार। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। अधिकारियों से वार्ता के बाद नाराज गल्ला मंडी के व्यापारी मान गए और सोमवार से फिर कारोबार शुरू कर दिया। तय समय पर मंडी खुली और किसानों द्वारा लाए गए गेहूं की तौल की गई। मंडी सचिव बबलू लाल ने बताया कि कारोबार के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
प्रशासन ने अनुमति मिलने के बाद गुरुवार को जिले की अन्य मंडियों के साथ ही शहर की नवीन गल्ला मंडी भी खोली गई थी। मंडी प्रशासन की ओर से चिह्नित 290 व्यापारियों को ए और बी श्रेणी में बांटकर पास जारी किए थे। व्यापारियों को रोस्टर के अनुसार दुकानें खोलनी थीं। लेकिन गुरुवार को पहले दिन मंडी खुलने के बाद पुलिस की सख्ती से नाराज व्यापारियों ने शुक्रवार से दुकानें न खोलने का निर्णय लिया था। शनिवार को भी दुकानें बंद रहीं।
आखिरकार अधिकारियों ने बात कर व्यापारियों की नाराजगी दूर कर दी। सोमवार सुबह व्यापारियों ने शिफ्टवार दुकानें खोली और मंडी आने वाले किसानों की आवक की तौल की। मंडी सचिव बबलू लाल ने बताया कि सोमवार को करीब 10 किसान गेहूं लेकर आए। सभी की तौल करा दी गई है। इस दौरान तहसीलदार सदर रामवीर सिंह समेत पुलिस टीमें मंडी का भ्रमण करती रहीं।
सैनिटाइजेशन का रखा गया ध्यान
व्यापारियों के साथ ही पल्लेदार भी मास्क और अंगौछे से मुंह ढंककर काम करते दिखे। दुकानों के बाहर पानी, सैनिटाइजर व साबुन रखा गया। दुकान पर आने वाले किसानों को हाथ धुलने के लिए प्रेरित किया गया।