हरदोई। बीते दिनों गैस सिलिंडर की कीमतों में 144 रुपये से अधिक की वृद्धि किए जाने के विरोध में जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में मूल्य वृद्धि वापस लिए जाने सहित छह मांगें की गईं हैं।
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में नगर मजिस्ट्रेट को दिए ज्ञापन में कहा है कि घरेलू गैस पर हुई मूल्य वृद्धि तत्काल वापस ली जाए। किसानों के कृषि उपकरणों पर लगे टैक्स को समाप्त किया जाए। आरक्षण को जातिगत आधार से हटाकर आर्थिक आधार पर लागू किया जाए। शहीद होने वाले सैनिकों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जाए और एक परिजन को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा छुट्टा मवेशियों को पकड़कर गोशालाओं में भेजने की मांग की गई है। इस दौरान भानुप्रताप सिंह, उपनेश कुमार, शिवम दीक्षित, रजत पाठक, सन्नी सिंह, बंटू सिंह आदि मौजूद रहे।