फोटो- 37- छाछ के पैकेट के अंदर लगी फंगस। स्रोत: वीडियो ग्रैब
हरदोई। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बिक्री किए जा रहे खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्लेटफॉर्म नंबर दो पर लगे मिल्क स्टॉल से खरीदे गए छाछ के पैकेट में फंगस मिलने पर यात्री और संचालक में जमकर कहासुनी हुई। यात्री ने पैकेट में फंगस का वीडियो भी बना लिया। वीडियो सामने आने पर अब स्टेशन के अधिकारियों ने कार्रवाई करने की बात कही है।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर स्थित मिल्क स्टॉल से बीते आठ अगस्त को एक यात्री ने छाछ खरीदा था। छाछ पीने के बाद उसे स्वाद कुछ अलग लगा तो यात्री ने पैकेट फाड़ कर देखा। पैकेट के ऊपरी और अंदरूनी सतह पर फंगस जैसी परत नजर आई। यात्री ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। हांलाकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
बताया जा रहा है कि इसके बाद स्टॉल कर्मियों की यात्री के साथ कहासुनी भी हुई। हालांकि अब इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय अधिकारियों ने कार्रवाई की बात कही है। खास बात यह है कि स्टेशन पर स्वास्थ्य निरीक्षक की तैनाती भी है इसके बाद भी गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सीएमआई अंबुज मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है, जांच करवाने के बाद कार्रवाई की जाएगी।