हरदोई। अहिरोरी ब्लाक के मोहकमपुर निवासी गर्भवती महिला की रविवार को गांव से जिला महिला अस्पताल लाते समय मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सरकारी एंबुलेंस 102 को सूचना दी गई। समय से एंबुलेंस नहीं मिलने की वजह से गर्भवती महिला की मौत हो गई। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ हंगामा किया और इस संबंध में थाने में तहरीर दी है।
अहिरोरी ब्लाक के मोहकमपुर गांव निवासी बालेश्वर की पत्नी वंदना (35) को रविवार दोपहर करीब दो बजे प्रसव पीड़ा हुई। परिजनों ने इसकी सूचना आशा बहू को दी। आशा बहू के पहुंचने तक वंदना की हालत बिगड़ने लगी। बालेश्वर ने दो बजे एंबुलेंस सेवा 102 को डायल कर गांव बुलाया।
लगभग एक घंटा इंतजार के बाद भी एंबुलेंस गांव नहीं पहुंची। एंबुलेंस के नहीं आने पर बालेश्वर ने टेंपो बुलाया। तब तक वंदना की तबीयत खराब हो गई थी। हालत गंभीर देख आशा बहू ने उसे अहिरोरी पीएचसी ले जाने के बजाय सीधे जिला महिला अस्पताल लेकर चलने की बात कही। टेंपो से उसे जिला महिला अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में मौत हो गई।
मृतका के पति बालेश्वर का आरोप है कि सूचना के बाद भी समय से एंबुलेंस सेवा नहीं मिलने की वजह से उसकी पत्नी की मौत हुई। बालेश्वर की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। सीएमओ डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। जांच कराया जा रहा है कि एंबुलेंस समय से क्यों नहीं पहुंच पाई। जांच में यदि कोई कर्मचारी दोषी मिलता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।