पाली। गंगा एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार दोपहर पाली थाना क्षेत्र के फरिगहना कट के पास डीसीएम ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। घटना में ट्रैक्टर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को सीएचसी सवायजपुर ले जाया गया। यहां दो को मृत घोषित कर दिया गया जबकि तीसरे को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना के बाद चालक और हेल्पर डीसीएम छोड़ मौके से भाग निकले।
पाली नगर के मोहल्ला काजी सरॉय निवासी पवन (25) सांडीखेड़ा में इंटरलॉकिंग बनाने वाली एक फैक्टरी का ट्रैक्टर चलाते हैं। बृहस्पतिवार को फैक्टरी से इंटरलॉकिंग ब्रिक्स ट्रैक्टर-ट्रॉली से लादकर शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद गए थे। साथ में पवन के चचेरे भाई नन्हें भइया (22) और मोहल्ले के अनुज (20) भी गए थे। दोपहर में इंटरलॉकिंग ब्रिक्स उतारकर तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस आ रहे थे। इस दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर फरिगहना कट (माइलस्टोन 282) के पास पीछे से आई डीसीएम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रॉली तो सुरक्षित रही लेकिन ट्रैक्टर का अगला हिस्सा पलटकर क्षतिग्रस्त हो गया।
ट्रैक्टर पर बैठे पवन, नन्हें भइया और अनुज गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी पर पहुंची पाली थाने की पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने नन्हें भइया और अनुज को मृत घोषित कर दिया। पवन को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि डीसीएम को खिंचवाकर थाने में खड़ा कराया जाएगा। परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। डीसीएम के चालक और हेल्पर की तलाश की जा रही है।
चीखपुकार सुनकर हर आंख नम
नन्हे भइया के पिता बाबू की मौत कुछ साल पहले हो गई थी। घर में मां सावित्री और दो बहनें हैं। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है जबकि छोटी बहन अविवाहित है। घर का भरण पोषण करने के लिए नन्हें भइया मजदूरी से लेकर खेती तक करते थे। बृहस्पतिवार को हुए हादसे में उनकी मौत की जानकारी से मां सावित्री और बहनें बदहवास हो गईं। इसी तरह अनुज दो भाइयों में छोटा था। अनुज के पिता अशोक का भी निधन हो चुका है। वह भी परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए मजदूरी करते थे। अनुज की मौत की जानकारी मिलते ही मां नन्हीं देवी बदहवास हो गईं। उन्हें संभालना मुश्किल हो गया। दोनों मृतकों के परिजन की चीखपुकार सुनकर मौके पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
फोटो-15- अनुज। फाइल फोटो
फोटो-15- अनुज। फाइल फोटो
फोटो-15- अनुज। फाइल फोटो