पिहानी। सीमेंट व्यापारी से निर्माण सामग्री उधार लेकर एक शख्स ने दूसरे को बेच दी। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। सीमेंट व्यापारी ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है।
पिहानी-चपरतला मार्ग पर मोहम्मद शादाब की निर्माण सामग्री की दुकान है। शादाब के मुताबिक, रविवार दोपहर एक व्यक्ति उनके पास आया और कुल्लही गांव में मकान बनने की बात कहने लगा। आरोपी व्यक्ति 16,210 रुपये कीमत की 15 बोरी सीमेंट और 73 क्विंटल मौरंग गांव पहुंचाने की बात कह कर चला गया। कुछ देर बाद आने पर रुपये देने की बात भी कही। दुकानदार ने ट्रैक्टर से सामान कुल्लही गांव पहुंचवा दिया। उसी ट्रैक्टर से वही व्यक्ति दोबारा आया और एक ट्रॉली गिट्टी भरवा कर ले गया।
कुछ देर में खाली ट्रैक्टर भी वापस आ गया लेकिन आरोपी व्यक्ति नहीं आया। काफी देर बाद जब वह व्यक्ति रुपये देने नहीं आया तो शादाब कुल्लही गांव पहुंचे। वहां सामग्री पड़ी थी वहां वह ग्रामीणों से उस व्यक्ति के विषय में जानकारी करने लगे। गांव निवासी शांति स्वरूप ने शादाब को बताया कि एक व्यक्ति रुपये की जरुरत बताकर निर्माण सामग्री 9000 रुपये में बेच गया है। कोतवाल छोटे लाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है।