हरदोई। वार्ड संख्या-13 देविनपुरवा में न तो सभी गलियों में बिजली के खंभे लगे हैं और न ही सभी गली और नाली बनी हैं। क्षतिग्रस्त गलियों और नालियों के कारण मोहल्ला के लोगों को परेशानी होती है। नालियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदा पानी गलियों में भरता है। वहीं, खाली प्लॉटों को लोगों ने कूड़ा घर बना दिया है।
वार्ड संख्या-13 देविनपुरवा में चार बड़े मोहल्लों का हिस्सा आता है जिसमें मोहल्ला ऊंचाथोक, आलू थोक उत्तरी, चौहान थोक और लक्ष्मी पुरवा का आंशिक भाग शामिल है। वार्ड की आबादी करीब 14,000 होगी जिसमें करीब 4,500 मतदाता हैं। वार्ड सवायजपुर रोड पर लोनार बस स्टैंड के पास शुरू होता है। वार्ड में अंदर गलियों में बिजली के खंभों के न होने से तार लटकते रहते हैं। वहीं, नालियों के भी टूटे होने से गंदा पानी गलियों में भरता है जिससे लोगों को कई बार गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। मोहल्ला आलू थोक में खाली प्लॉटों को लोगों ने कूड़ा घर बना दिया है। प्लॉटों में लोग अपने घरों से निकलने वाले कूड़े को डालते हैं जिससे मोहल्ले में ही गंदगी बनी रहती है।
मोहल्ले में क्षतिग्रस्त गलियों और नालियों के साथ ही बिजली के खंभे न होने से भी लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है। देवखल बाबा वाली गली में अंदर दो गलियों में बिजली के खंभे नहीं हैं, छेदा चक्की वाली गली और संदीप सिंह वाली गली में भी बिजली के खंभे नहीं हैं। बिजली के खंभे न होने से तारों को मकान के सहारे से निकाला गया है जिससे कई बार बिजली आपूर्ति की दिक्कत आती है।
मोहल्ला निवासी अनुपम ने बताया कि वैसे तो मोहल्ले में साफ-सफाई के लिए कर्मचारी आते हैं लेकिन टूटी सड़क और नाली के कारण गंदगी रहती है। लोगों को आने-जाने में दिक्कतें होती हैं। टूटी गली के कारण बच्चों को स्कूल भेजने और स्कूल ले जाने वाले वाहनों को भी समस्या होती है।
मोहल्ला निवासी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों से गंदगी होती है। पानी निकासी भी सही प्रकार से नहीं हो पाती है जिससे गंदा पानी गली में भरता है, बच्चों और बुजुर्गों को गंदे पानी से होकर आना-जाना पड़ता है। समस्या का समाधान कराया जाएगा।
वार्ड संख्या-13 देविनपुरवा के सभासद राजकुमार गुप्ता उर्फ राजू ने बताया कि वार्ड में चार बड़े मोहल्लों का आंशिक भाग लगता है और वार्ड बड़ा भी है। क्षतिग्रस्त गलियों, नालियों को बनवाए जाने का प्रस्ताव नगर पालिका में दिया गया है। तीन गलियों को बनवाया भी गया था अब दोबारा से भी गलियों को बनवाए जाने के लिए चिह्नित किया गया है। बिजली के खंभे न लगे होने से समस्या है। नगर पालिका और बिजली विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया है लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो सका है।
फोटो-01- देविनपुरवा वार्ड में सड़क पर हुए गड्ढे। संवाद
फोटो-01- देविनपुरवा वार्ड में सड़क पर हुए गड्ढे। संवाद
फोटो-01- देविनपुरवा वार्ड में सड़क पर हुए गड्ढे। संवाद
फोटो-01- देविनपुरवा वार्ड में सड़क पर हुए गड्ढे। संवाद
फोटो-01- देविनपुरवा वार्ड में सड़क पर हुए गड्ढे। संवाद