मल्लावां। मल्लाहनपुरवा मेें बाढ़ के पानी से भरे नाले में डूबने से बुधवार को एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के मगरहा गांव के मजरा मल्लाहनपुरवा निवासी जयचंद्र का बेटा गनेश (4) बुधवार शाम घर के बाहर खेल रहा था।
घर के पास स्थित नाला में बारिश का पानी आ गया है। गनेश खेलते-खेलते नाले में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। खेतों से लौट रहे कुछ ग्रामीणों ने नाले में शव उतराता देख परिजनों को सूचना दी। बच्चे की मौत से परिवार में हाहाकार मच गया। सूचना पर पुलिस और लेखपाल मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए हरदोई भेजा है। जयचंद्र ने बताया कि जरा सी चूक में बच्चे की जान चली गई। जयचंद्र का दूसरा बेटा कौशल दो साल का है। तहसीलदार नंद प्रकाश मौर्या ने बताया कि परिजनों के लिए हर संभव मदद की जाएगी।