चौपहिया वाहन की मांग पूरी न होने पर घर से निकाला
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। दहेज में चौपहिया वाहन की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकालने के मामले में सीजेएम ऋचा वर्मा ने फैसला सुनाया है। पति समेत चार ससुरालीजनों को दोषी करार देते हुए एक एक साल की सजा सुनाई है। 64 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जान से मारने की धमकी देने के आरोपों से दोषियों को बरी किया गया है।
संडीला कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर बड़कुल निवासी ऊषा वर्मा ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि उनकी शादी 11 फरवरी 2015 को कासिमपुर थाना क्षेत्र के कटाना निवासी नरेश कुमार उर्फ बबलू से हुई थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन कार की मांग करने लगे थे। मांग पूरी न होने पर पति बबलू, देवर आशीष कुमार उर्फ सोनू, ससुर रामऔतार और ननद रंजना उर्फ कल्पना ने दो अक्तूबर 2015 को पिटाई कर घर से निकाल दिया था।
पुलिस ने 25 मार्च 2018 को आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी समेत दहेज प्रतिषेध अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज की थी। अभियोजन पक्ष की ओर से पांच गवाहों को पेश किया। बचाव पक्ष ने गवाहों के बयानों में विरोधाभास होने की दलील दी। अदालत ने पत्रावली पर मौजूद साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का परीक्षण करने के बाद दहेज उत्पीड़न, मारपीट और दहेज मांगने का दोषी मानते हुए सजा सुनाई है।