हादसे में ऐसी हुई बोलेरो की हालत।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धा समेत चार लोगों की मौत हो गई। हरदोई-बघौली मार्ग पर डीसीएम की टक्कर से लगने से वृद्धा की जान गई। सीतापुर-हरदोई मार्गं पर सिकरोहरी पुल के पास कार की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव कुर्रिया के पास ट्रैक्टर की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। वहीं, बिलग्राम में रेपरा गांव के पास बोलेरो की टक्कर लगने से एक की जान चली गई।
बघौली थाना क्षेत्र केे गांव नारायणपुर निवासी शिवरानी (70) पत्नी रामरतन मंगलवार को अपने मायके गांव रतनापुर थाना क्षेत्र के गांव बघौली पैदल जा रही थी। हरदोई-बघौली मार्ग पर बम्हनाखेड़ा के पास डीसीएम की टक्कर से मौके पर मौत हो गई। चालक डीसीएम सहित भाग गया।
टडियावां थाना क्षेत्र के गांव सैतीपुर निवासी मेवाराम (50) पुत्र भग्गा अपने बड़े भाई रामेश्वर को बाइक पर बैठाकर मंगलवार की दोपहर दवा लेने हरदोई जा रहा था। सीतापुर-हरदोई मार्गं पर सिकरोहरी पुल के पास तेज रफ्तार इंडिका कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रामेश्वर की थोड़ी ही देर में मौत हो गई। मेवाराम को नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। बाइक में टक्कर मारने के बाद चालक कार सहित फरार हो गया।
उधर, कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव कठेहा निवासी रमेश (15) पुत्र रामपाल मंगलवार को गांव कुर्रिया रिश्तेदारी में गया था। लौटते समय रास्ते में ट्रैक्टर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। वहीं, बिलग्राम थाना क्षेत्र के गांव धर्मपुर निवासी संतराम (40) छेदा बिलग्राम से पैदल घर जा रहा था। रेपरा गांव के पास बोलेरो की टक्कर लगने से मौत हो गई।