हरदोई। जिले के दो थाना क्षेत्रों में बुधवार की रात सेवानिवृत्त दारोगा समेत चार घरों से चोर नगदी समेत करीब 35 लाख के जेवर चोरी कर ले गए। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल के बाद घटना की रिपोर्ट दर्ज की।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के हूसेपुर निवासी राधेश्याम किसानी करते हैं। परिवार बुधवार की रात छत पर सो रहा था। गुरुवार की सुबह जगने पर चोरी का पता चला। कमरे खुले पड़े थे और सेफ का लॉकर टूटा था। चोर लॉकर में रखे 60 हजार रुपये, सोने की चार अंगूठी, झुमकी, कंगन, टाप्स, बहू के जेवर सहित करीब 25 लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गए। इधर, इसी गांव निवासी सेवानिवृत्त दारोगा आत्माराम परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। चोर दीवार के सहारे घर में घुस गए और कमरे में रखे बक्से व अलमारी के ताले तोड़कर जेवर व अन्य सामान निकाल ले गए। सुबह जब वह लोग जागे तो कमरे में बिखरा पड़ा सामान देख उनके होश उड़ गए।
आत्माराम के पुत्र सुशील ने बताया कि चोर करीब आठ लाख के जेवर व अन्य सामान ले गए हैं। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी नित्यानंद राय, सीओ शाहाबाद अरविंद कुमार वर्मा, कोतवाली राजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। राधेश्याम के पुत्र नीरज की तहरीर पर पुलिस ने दो मकानों में चोरी की रिपोर्ट दर्ज की। लेकिन रिपोर्ट में हुए नुकसान का आकलन नहीं किया गया।
कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। सीओ ने बताया कि चोरी की घटना में कितना नुकसान हुआ है इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। इधर, बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम सकहा निवासी दयाराम के घर से बुधवार की रात चोर नगदी सहित करीब 70 हजार रुपये का माल लेकर फरार हो गए। वहीं, इसी थाना क्षेत्र के ग्राम भम्मापुर निवासी सत्य प्रकाश पुत्र प्रहलाद के घर में घुस कर चोर 1.17 लाख नगद और सोने चांदी के जेवर सहित 1.80 लाख का माल लेकर फरार हो गए। घटना की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष बेहटा गोकुल बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों की तलाश की जा रही है।