कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब बेंचने वाले एक गिरोह को लाखों रुपये की शराब सहित चार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शराब की 833 पेटियां बरामद की हैं।
सीओ चरन सिंह ने बताया कि गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे दो बोलेरो गैर प्रांत की अवैध देशी शराब लाद कर अतरौली की ओर जाने की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी इंचार्ज विपिन यादव, एसआई जनार्दन सिंह सहित पुलिस टीम आसू सराय के तिराहे के मोड़ पर पहुंच घेराबंदी की। इसी दौरान माधौगंज की ओर से दो बोलेरो आती नजर आई। पुलिस ने दोनाें को पकड़ लिया और उनके चालक संदीप निवासी अटवा कुरसठ व विकास निवासी मंशाखेड़ा थाना मधौगंज को दबोच लिया। तलाशी लेने पर दोनों बोलेरो में 50-50 पेटी गैर प्रांत की शराब बरामद की। पूछताछ में दोनों चालकों ने बताया कि वह लोग माधौगंज के ग्राम कुरसठ निवासी जितेंद्र व परौली निवासी राजन अवस्थी की शराब लेकर अतरौली निवासी समद मिश्रा को देने के लिये जा रहे थे।
उन लोगों ने यह भी बताया कि बाकी की शराब की पेटियां नया गांव स्थित एक भट्ठे में रखी है। पुलिस ने नया गांव स्थित भट्ठे पर छापा मारा और वहां से 733 शराब की पेटियां व दोनों शराब व्यवसायी जितेंद्र व राजन को भी मौके पर पकड़ लिया। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में कर दोनों शराब व्यवसायियों को अपने साथ कोतवाली ले आई। जहां पर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ ने बताया कि यह गिरोह गैर प्रांत से शराब लेकर आते थे और उनका रैपर व मानोग्राम बदल कर बेचा करते थे। छापे में पुलिस ने कुल 833 पेटी शराब,200 ढक्कन 993 मानोग्राम भी बरामद किए हैं। इस मामले में चार गिरफ्तार कर लिए गए वही दो लोग फरार हैं उनकी तलाश की जा रही है।