थाना क्षेत्र के कलौली गांव केे मजरा हरचंदापुर में सड़क किनारे झाड़ियों
में केरोसिन से भरे नौ ड्रम ग्रामीणों ने पकड़ लिए। हंगामा करने पर मौके पर
पहुंचे कोटेदार के पुत्र ने वितरण कर मामला रफा दफा किया। सूचना पर पहुंची
थाना पुलिस और पूर्ति निरीक्षक ने मामले की जांच पड़ताल कर वीडियोग्राफी
कराई।
पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि वह इसकी
रिपोर्ट अफसरों को भेजेंगे। गांव के कोटेदार के ऊपर अनाज और केरोसिन वितरण
को लेकर पहले से ही काफी आरोप लग रहे थे। ऐसे में सोमवार को हरचंदापुर में
सड़क किनारे झाड़ियों में मिले केरोसिन के ड्रमों को लेकर ग्रामीणों ने
विभागीय अफसरों और थाना पुलिस को सूचना दे दी।
इसी बीच कोटेदार का पुत्र
मौके पर पहुुंचा और उसने ड्रमों को कब्जेे में लेकर उससे केरोसिन का वितरण
कार्डधारकों को शुरू कर दिया। इसी बीच थाना पुलिस व पूर्ति निरीक्षक योगेश
कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूछताछ की। कोटेदार के पुत्र ने
पूर्ति निरीक्षक को बताया कि गोदाम से लाए केरोसिन के ड्रमों को वितरण के
लिए यहां उतरवा लिया था।
इसका वितरण किया जाना था। इसका वितरण सोमवार को
उन्होंने यहां कर दिया। उधर, ग्रामीणों का आरोप है कि केरोसिन के ड्रम
यहां कालाबाजारी केे लिए रखे गए थे। पकड़े जाने पर वितरण कराया गया। उधर,
इस बाबत पूर्ति निरीक्षक ने डिपो संचालक बृजकिशोर से जानकारी ली।
उसने
बताया कि 17 जुलाई को 2200 लीटर व 26 जुलाई को 1035 लीटर कोटेदार ने
केरोसिन उठाया था। पूर्ति निरीक्षक ने बरामद ड्रमों की वीडियोग्राफी करवाई।
उन्होंने बताया कि नौ ड्रम तेल केरोसिन जुलाई के लिए आवंटन का था, पर जब
उनसे पूछा गया कि इसका वितरण अब अगस्त में कैसे हो रहा है। इस पर वह शांत
हो गए।