हरदोई रेंज में ग्राम पुखरी के निकट झांड़ियों में जंगली जानवर खोजते वन कर्मी।
- फोटो : amarujala
हरदोई। जंगली जानवर की सूचना पर वन कर्मी चिलचिलाती धूप में झेलते हुए झाड़ियों को खंगालते दिखे। फोन से मिली सूचना मौके पर जाने के बाद झूठी मिली। ग्रामीणों से पूछताछ करने पर उन्होंने शराबियों के फ ोन किए जाने की आशंका व्यक्त की।
डीएफओ अतुल अस्थाना ने बताया कि सोमवार सुबह एक बार फिर से पिहानी रोड पर जंगली जानवर होने की सूचना उन्हें फोन पर दी गई। जिसके बाद उन्होंने हरदोई रेंज की टीम को तत्काल वहां पहुंचने के निर्देश दे दिए। जिसके बाद वहां टीम पहुंची।
पहले तो टीम ने पुखरी के पास बताए गए पते पर झाड़ियों में तलाश करनी शुरू कर दी लेकिन काफी देर बाद कुछ न मिलने के पर वह कुछ दूर स्थित आबादी में गए और ग्रामीणों से मिले तो वहां पर इस तरह की कोई घटना सामने आने से ही इनकार कर दिया गया।
ग्रामीणों ने इस बात की आशंका व्यक्त की कि हो सकता है कि किसी शराबी ने सूचना दी हो। वन कर्मी लौट आए। डीएफओ ने बताया कि भविष्य में इस तरह की भ्रामक सूचनाओं को पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा और गलत सूचना देकर सरकारी कार्यों में बाधा पहुंचाने के आरोप में कार्रवाई कराई जाएगी।
अनंगबेहटा व चक के पास तेंदुओं को पकड़ने के मकसद से रखवाए गए पिंजड़े को पांच दिन बाद वन विभाग ने उठवा लिया। डीएफओ ने बताया कि फिलहाल ग्रामीणों को एलर्ट रहने की हिदायत देकर पिंजड़े को उठवा लिया गया है। सूचना पर तत्काल वहां वन कर्मियों को भेजा जाएगा। फिलहाल पूर्व निर्धारित निर्देशों के अनुसार कांबिंग जारी रहेगी।