डेंगू व मलेरिया के बढ़ते प्रकोप के चलते शहर में
फागिंग कराने सहित कई मांगों को लेकर जनहित एकता मंच के पदाधिकारियों और
कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया तथा जिलाधिकारी को
संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर कार्रवाई कराए जाने की मांग
की।
कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान अध्यक्ष संजीव मिश्रा ने
कहा कि डेंगू व मलेरिया के बढ़ते प्रकोप से बचाव के लिए नगर में फागिंग और
नालियों में मच्छरों को खतम करने को छिड़काव की व्यवस्था की जाए। जनपद की
साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में स्थापित रसखान
प्रेक्षागृह का भौतिक लोकार्पण करवाकर जनपद की प्रतिभाओं को निखारने का
अवसर प्रदान करने के लिए मंच उपलब्ध करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि शहर के
मुख्य चौराहों एवं मार्गों पर आवारा पशुओं के आतंक से नागरिकों को निजात
दिलाने के लिए गोवंशों को पकड़कर गौशालाओं में सुरक्षित किया जाए। इसके
अलावा ऊंचा थोक, सराय थोक, वैटगंज, सुभाषनगर, मोमिनाबाद आदि तमाम मोहल्लों
में आवारा घूमने वाले सुअरों को भी पकड़वाने के लिए सघन अभियान चलाया जाए।
ज्ञापन में कहा कि इनके लगातार विचरण करने से संक्रामक रोगों के फैलने की
पूर्ण आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार वाहनों के चलते आए दिन
होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नगर की विभिन्न
शैक्षणिक संस्थाओं के आसपास गति अवरोधक भी बनाए जाएं।
इस दौरान
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और डीएम को
संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र मोहन को सौंपकर कार्रवाई कराए
जाने की मांग की। इस मौके पर काफी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता
मौजूद थे।