रेलवे स्टेशन पर टिकट को लेकर यात्रियों की समस्या का
समाधान नहीं हो रहा है। अब आरक्षण टिकट बनवाने को लेकर भी लोगों को
परेशानी का सामना करना पड़ा। सर्वर के धीमी गति के चलते एक टिकट बनने में
काफी समय लगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में काफी इंतजार करना पड़ा।
छुट्टी
के सीजन की वजह से ट्रेन में आरक्षण कराने को लेकर वैसे ही लोगों को
मारामारी करनी पड़ रही है। उसमें भी सर्वर की धीमी गति यात्रियों को हलाकान
किए हुए है। ज्ञात हो कि रेलवे स्टेशन पर टिकट को लेकर यात्रियों को
परेशान होना पड़ रहा है। अभी तक अनारक्षित टिकट को लेकर भी कई दिनों तक
यात्री बेहाल हुए।
एक कंप्यूटर सिस्टम की थिंक लाइन खराब होने की वजह से एक
काउंटर कई दिन तक बंद रहा। जिसको भी अभी तक स्थायी रूप से दुरुस्त नहीं
किया जा सका। वहीं सोमवार को आरक्षण काउंटर पर भी टिकट बनवाने को लोगों
को काफी समय तक खड़े रहना पड़ा।
ज्ञात हो कि सोमवार को सुबह आठ बजे से लाइन
खुलने के बाद से ही सर्वर की गति धीमी बनी रही, जिससे एक टिकट बनने में
करीब 15 से 20 मिनट का समय लग गया। ऐसे में गर्मी अधिक होने की वजह से
लोगाें को परेशान होना पड़ा। इस बाबत आरक्षण पर्यवेक्षक एसके श्रीवास्तव ने
बताया कि सर्वर को दुरुस्त कराने के बाबत कई बार मंडल अफसरों से वार्ता की
गई। उम्मीद है कि जल्द सर्वर दुरुस्त हो जाएगा।