हरदोई। रेलवे स्टेशन पर खानपान स्टॉल संचालकों के मनमाने दामों पर खाद्य सामग्री बेचने का सिलसिला लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को भी प्लेटफार्म नंबर दो-तीन पर संचालित खानपान स्टॉल को 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया। अधिक कीमत से बोतल बंद पानी बेचने पर यात्री की शिकायत पर कार्रवाई की गई।
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मनमाने दाम पर सामग्री बेचने का यह पहला मामला नहीं है। एक तो रेल नीर मिलता नहीं है और दूसरी अंजान कंपनियों का पानी बेचा जाता है। इतना ही नहीं यात्रियों को स्थानीय स्टेशन पर जनता खाने के पैकेट तक नहीं मिलते हैं। वहीं, अन्य खाद्य सामग्री कहीं महंगे दामों पर बेचे जाते हैं। बृहस्पतिवार को भी एक ऐसा मामला सामने आया।
सीएमआई अंबुज मिश्रा को एक रेल यात्री ने शिकायत करते हुए बताया कि प्लेटफार्म नंबर दो-तीन पर लगे खानपान स्टॉल पर महंगे दाम पर बोतल बंद पानी बेचा जा रहा है। यात्री की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने स्टॉल संचालक एनके इंटर प्राइजेज पर कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के लिए स्टॉल को सील कर दिया। सीएमआई ने बताया कि स्टॉल पर जांच करने पर तय मूल्य से अधिक दर से पानी बेचा गया इसको लेकर कार्रवाई की गई है।