मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए मुख्य सचिव के निर्देश
आने के बाद जिला प्रशासन के तेवर काफी कड़क हो गए हैं। सोमवार को खाद्य एवं
औषधि सुरक्षा विभाग की टीम ने संडीला क्षेत्र को टारगेट बनाते हुए दूध व
खोया के 10 नमूने लिए।
टीम प्रभारी ने बताया कि छापामार अभियान चलता
रहेगा। शहर सहित जिले की सभी तहसील क्षेत्रों में छापा मार अभियान के तहत
नमूने लिए जाएंगे। वहीं संडीला क्षेत्र में छापा मारने से हड़कंप मचा रहा
और तमाम दूधिया दूध के वाहन लेकर इधर-उधर भाग खड़े हुए तो कई दुकानों के
शटर डाउन हो गए।
इस बाबत टीम प्रभारी जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीआर
मिश्रा ने बताया कि टीम द्वारा सोमवार को संडीला तहसील क्षेत्र के बेरूआ
निवासी रामकुमार, पड़री निवासी रहीम तथा बेहंदर निवासी नकीरजा की डेयरी से
दूध और खोया के नमूने लेकर सीज किए गए।
इसके अलावा राधेश्याम राजकुमार
फ्लोर मिल से मैदा व आटा तथा ककरूआ निवासी अखनू कासिमपुर निवासी बाबूलाल के
यहां दूध और खोया के नमूने सील किए गए। दूधियों एवं खोया विक्रेताओं के
पड़े छापों से संडीला क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। टीम प्रभारी जिला खाद्य
सुरक्षा अधिकारी मिश्रा ने बताया कि टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी
एसके मिश्रा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज वर्मा, मनोज श्रीवास्तव व विवेक
कुमार शामिल रहे।