हरदोई। संभावित सूखे की तैयारियों की समीक्षा शनिवार को जिलाधिकारी विवेक वार्ष्णेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में की। डीएम ने जल निगम के अफसरों को खराब व रिबोर हैंडपंपों को 15 दिन में दुरुस्त करवाकर सूची भेजने के निर्देश दिए। गांवों में भरे गए तालाबों की जानकारी ली और बिजली के चलते खराब हैंडपंपों को भी दुरुस्त कराने को कहा। बाढ़ राहत चौकियों को भी सक्रिय करने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित किया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्राें के खराब एवं रिबोर हैंडपंपों को 15 दिन के अंदर ठीक कराएं साथ ही दुरुस्त कराए गए हैंडपंपों की सूची दें। नए हैंडपंपों को भी 15 दिन में स्थापित कराने के निर्देश दिए। नहरों व नलकूपों से भराए गए तालाबों की समीक्षा में नहर से 168 तालाब, सरकारी नलकूपों से 70 और निजी नलकूपों से 40 तालाबों को भरे जाने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने अवशेष तालाबों को जल्द भरने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया गया कि बिजली के चलते बंद नलकूपों को एक सप्ताह में ठीक कराएं। बाढ़ चौकियों को सक्रिय करनेे, नाव की व्यवस्था के साथ जनधन और पशुधन के लिए संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। समाजवादी पेंशन की चयन प्रक्रिया और ब्लाक स्तरीय बनाए जा रहे आधार कार्डों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अपर जिलाधिकारी कुंज बिहारी अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी उग्रसेन यादव, पीडी पीके यादव, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और जनपदीय अधिकारी मौजूद रहे।