हरदोई। करीब 11 माह बाद खुले परिषदीय स्कूलों में दूसरे दिन गुरुवार को भी उत्सव जैसा दृश्य दिखा। बच्चों को स्कूलों में देख शिक्षकों के चेहरे खिले दिखे। कई जगह स्कूलों में बच्चों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया तो कई जगह तिलक लगाया गया। इधर, स्कूलों में प्रार्थना सभा से लेकर मध्यान्ह भोजन तक शासन के नियमों को ध्यान में रखा जा रहा है। आइए आपको दिखाते हैं कहां क्या देखने को मिला...
बच्चे बोले, अब ठीक ढंग से हो सकेगी पढ़ाई
हरदोई। श्री डाल सिंह स्कूल में लगभग 11 माह बाद विद्यालय पहुंचे बच्चों का पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। मंगली पुरवा स्थित श्री डाल सिंह मेमोरियल स्कूल में कक्षा 6 से 8 तक के बच्चे पहली बार विद्यालय पहुंचे तो उनका विद्यालय की प्रधानाचार्य व शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
बच्चों का कहना है कि अब ठीक ढंग से पढ़ाई हो सकेगी। विद्यालय प्रबंधक अखिलेश सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में कोविड-19 का पालन करते हुए रोस्टर वार बच्चे विद्यालय आएंगे। प्रधानाचार्य लक्ष्मी देवी, भूमिका सिंह,मुकेश सिंह, रूपाली गुप्ता, सोनम शुक्ला, कविता गुप्ता, सोनी त्रिपाठी मौजूद रहे।
नियमों की लकीर पर खड़े हो बच्चों ने की प्रार्थना
हरदोई। परिषदीय स्कूलों के बच्चे नियमों के बीच न सिर्फ स्कूल की कक्षाओं में पहुंच पा रहे हैं, बल्कि प्रार्थना सभा में भी नियमों का पालन करते हुए ही शामिल हो रहे हैं।
मास्क सभी के लिए अनिवार्य है। इसके अलावा उचित दूरी भी जरूरी बताई गई है। सुरसा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बरहा में भी गुरुवार को इसी तरह नियमों का पालन होते देखा गया। प्रधानाचार्या मंजू वर्मा ने बताया कि उनके स्कूलों में 168 छात्र-छात्राएं हैं। 50 फीसदी को बुलाया जा रहा है। गुरुवार को करीब 60 बच्चे पहुंचे।
नियमों के घेरे में मिला निवाला
हरदोई। स्कूल पहुंचने वाले बच्चों की जिम्मेदारी कहीं न कहीं शिक्षकों की है जिसको देखते हुए परिषदीय विद्यालयों में भी नियम बखूबी अपनाएं जा रहे हैं।
सवायजपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय सेमरिया में मध्यान्ह भोजन कराने के लिए भी गोले खींचे गए हैं। इन गोलों के अंदर बच्चों को बैठालकर मध्यान्ह भोजन दिया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य वैभव सिंह ने बताया कि उनके यहां 60 बच्चे पहुंचे। कक्षा में बैठालने से लेकर बच्चों को भोजन कराने तक नियमों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
बा स्कूल ले रहे अभिभावकों से सहमति पत्र
हरदोई। परियोजना निदेशक के निर्देश के बाद जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के गेट भी छात्राओं के लिए खोल दिए गए। वहीं छात्राओं को विद्यालय बुलाने से पहले अभिभावकों से सहमति लेने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला समन्वयक बालिका अविनाश पांडे ने बताया कि सभी 20 स्कूलों के स्टाफ के द्वारा अभिभावकों को स्कूल बुलाकर उनसे सहमति पत्र भरवाया जा रहा है। इसके बाद ही छात्राओं को स्कूल बुलाया जाएगा।
मंगलीपुरवा स्थित श्री डाल सिंह मेमोरियल स्कूल में पुष्प वर्षा कर बच्चों का स्वागत करतीं शिक्षिक- फोटो : HARDOI
सवायजपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय सेमरिया में मध्यान्ह भोजन करते छात्र-छात्राएं। संवाद- फोटो : HARDOI