कछौना। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बालामऊ बांण में विवाहिता की अपहरण के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया वाहन भी बरामद हो गया है।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बालामऊ बांण निवासी श्याम शेखर उर्फ उड़ानी ने 31 अक्तूबर को अपनी पत्नी अलका रागिनी (32) के लापता हो जाने की जानकारी पत्नी के भाई वंश कुमार को दी थी।
दो नवंबर को वंश कुमार ने कछौना कोतवाली में श्याम शेखर, उसकी बहन मदाना, भाई मिठानी और गांव निवासी सुशील के विरुद्ध रागिनी का अपहरण कर गायब कर देने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
विवेचना के दौरान रागिनी की हत्या किए जाने की बात सामने आई थी। आठ जनवरी को गांव में स्थित एक कुएं से रागिनी का कंकाल उसके ही पति श्याम शेखर की निशानदेही पर बरामद हुआ था।
इस मामले में श्याम शेखर, मदाना, मिठानी और सुशील के विरुद्ध अपहरण कर हत्या करने और शव को गायब कर देने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। विवेचना के दौरान गांव निवासी नीलम का नाम भी सामने आया था।
पुलिस नीलम, श्याम शेखर और मिठानी को पहले ही जेल भेज चुकी थी। गुरुवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कलौली नहर पुल के पास से सुशील कुमार और मदाना को भी गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल हंसमती ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो भी बरामद हुई है।