लखनऊ से आई सेल टैक्स विभाग की टीम ने रविवार को
औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सदगुरु फूड प्रोडक्ट फ्लोर मिल में छापा मारा,
पर अभिलेख देखने को न मिलने पर ज्वाइंट कमिश्नर गीता सिंह ने मिल का
कार्यालय सील करवा दिया। उन्होंने बताया कि मिल में बरामद माल के अभिलेख
नहीं मिले।
उन्होंने बताया कि अनुमान है कि करीब 40 लाख रुपये की सेल
टैक्स की चोरी फ्लोर मिल द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि जांच पड़ताल
पूरी होने के बाद सही स्थिति सामने आएगी। ज्ञात हो कि सेल्स टैक्स विभाग के
अधिकारियों को पिछले कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि सदगुरु फूड
प्रोडक्ट फ्लोर मिल में बड़ी मात्रा में सेल टैक्स की चोरी की जा रही है।
इस पर जिलाधिकारी रमेश मिश्रा के निर्देश पर सेल टैक्स विभाग की ज्वाइंट
कमिश्नर गीता सिंह की अगुवाई में लखनऊ से आए विभाग के अफसरों ने पुलिस बल
के साथ फ्लोर मिल में छापा मारा। छापे के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व
एसडीएम संजीव सिंह व सीओ चरन सिंह भी मौजूद थे।
लगभग एक घंटे तक चली जांच
पड़ताल के बाद फैक्ट्री में मौजूद 25,000 बोरे गेहूं और 15 से 20 हजार
क्विंटल अन्य माल का कोई भी अभिलेख मिल में मौजूद नहीं मिला। इस दौरान
मिल में छापे की भनक लगते ही कर्मचारी कार्यालय में ताला डालकर खिसक गए।
जिसके कारण मिल के अभिलेख टीम को देखने को नहीं मिले।
मिल और गोदाम में रखे
माल को देखकर अफसरों ने अनुमान लगाया कि लगभग 40 लाख रुपये की सेल टैक्स
की चोरी की गई है। ज्वाइंट कमिश्नर गीता सिंह के निर्देश पर टीम ने मिल के
कार्यालय को सील कर दिया है। ज्वाइंट कमिश्नर ने बताया कि सदगुरु फूड
प्रोडक्ट फ्लोर मिल में छापे के दौरान अभिलेख नहीं मिले, जिस कारण कार्यालय
को सील कर बरामद माल की पड़ताल की जा रही है।
जांच पूरी होने पर ही सही
स्थिति सामने आ सकेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल जो माल मिल से बरामद हुआ
है और उसके अभिलेख नहीं मिले, इसको देखकर तकरीबन 40 लाख रुपये सेल टैक्स
चोरी का अनुमान है। ज्ञात हो कि एक बार और भी इस फ्लोर मिल में छापा पड़
चुका है, पर बाद में मामला रफा दफा कर दिया गया था।