हरदोई। संचारी रोग नियंत्रण और गांवों में साफ-सफाई में लापरवाही पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने निरीक्षण में मिली कमियों पर पांच सफाईकर्मियों को निलंबित कर दिया है। डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को विकास खंड बावन की ग्राम पंचायत भिठारी और तत्योरा में साफ-सफाई और विशेष संचारी रोग नियंत्रण में किए जाने वाले कामों का जायजा लिया। बताया कि भिठारी गांव में तीन सफाईकर्मी जितेंद्र कुमार, रामादेवी और अनीता देवी तैनात हैं। गांव में गंदगी और कूड़ा-पन्नी आदि मिली। पंचायत सचिवालय में सफाईकर्मियों का हाजिरी रजिस्टर भी नहीं मिला। काम में ढिलाई पर तीनों सफाईकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। सहायक विकास अधिकारी पंचायत, पंचायत सचिव और प्रधान से कहा गया है कि गांव की साफ-सफाई और मार्ग किनारे के झाड़ियों को साफ कराया जाए।
बताया कि तत्योरा में सफाईकर्मी रेनू देवी और किशनपाल तैनात हैं। गांव में गंदगी मिली। सफाईकर्मी रेनू देवी ने अपने स्थान पर किसी दूसरे व्यक्ति को काम के लिए लगाया है। बताया कि इन दोनों सफाईकर्मियों को भी निलंबित कर दिया गया है।