फोटो 51: शहर में एक प्रतिष्ठान पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके श्रीवास्तव के नेतृत्व में जांच करती टीम। स्रोत : विभाग
फोटो 52: शाहाबाद में एक वाहन में लदी मिठाई। संवाद
-बाबा साम्मी स्वीट्स मिठाईयों पर नहीं दर्ज थी यूज बाई डेट, ओम स्वीट्स पर खराब मिले लड्डू
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई/ शाहाबाद। दिवाली पर खपाए जाने के लिए तैयार किए जा रहे मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच का बृहस्पतिवार को शुद्ध ही शुभ अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने पांच क्विंटल लौंज, तीन वाहन कब्जे में लिए हैं। 20 किलोग्राम बूंदी के लड्डू नष्ट कराए।
सहायक आयुक्त कुमार गुंजन ने बताया कि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए डीएम और आयुक्त के निर्देशन में टीमों ने निरीक्षण किए। शहर सहित तहसीलों में चलाए गए अभियान से मिलावटखोरों में खलबली रही। बताया कि शहर में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने बाबा साम्मी स्वीट शॉप के निरीक्षण में उत्पाद उपयोग की अंतिम तिथि अंकित नहीं मिली। यूज बाई डेट और साफ-सफाई के पालन के निर्देश दिए गए। पूजा होटल वाली गली में गौरव मिष्ठान भंडार से पेड़े का नमूना लिया गया। रेलवेगंज की भोला स्वीट्स में रंगीन मिठाइयों में तय मात्रा में रंगों के प्रयोग के निर्देश दिए। रेलवेगंज में ही ओम स्वीट्स पर करीब 20 किलोग्राम खराब बूंदी के लड्डू और सड़ी-गली दूषित मिठाइयां मिलीं। कब्जे में लेकर नष्ट कराया गया। संचालक को चेतावनी दी गई है।
बताया कि मल्लावां में धनंजय सिंह के नमकीन कारखाना के निरीक्षण में अत्यधिक रंगों का प्रयोग कर नमकीन बनाई जा रही थी। गंदगी भी मिली। टीम ने नमकीन और बेसन का नमूना लिया गया। संचालक को नोटिस दिया गया है। मल्लावां में ही राजेश कुमार के कारखानाों घटिया और दूषित परिस्थितियों में नमकीन बनाई जा रही थी। नमकीन का नमूना लिया गया है। नोटिस दिया गया है।
शाहाबाद के उधरनपुर में पुलिस, प्रशासन की संयुक्त टीम ने सिंथेटिक मिष्ठान बनाने वालों के यहां निरीक्षण किया। करीब पांच क्विंटल मिठाई बरामद की। मिठाई भरे तीन वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है। एसडीएम अवनीश कुमार, सीओ संतोष कुमार सिंह, कोतवाल अरविंद राय ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने पाउडर से मिठाई बनाने की शिकायत पर कार्रवाई की। टीम ने अनुराग रावत और विमल रावत के गोदाम के निरीक्षण में दोनों स्थानों से पाउडर से बनाई गई लौंज और सामग्री कब्जे में ली है। एसडीएम ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।