हरपालपुर। शुक्रवार को अरवल थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजली गिरने से छह लोगों की मौत के बाद शनिवार को सन्नाटा पसरा रहा। शुक्रवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। शनिवार को मंसूरापुर से कुछ ही दूरी पर गंगा किनारे कुसुमखोर घाट पर छह में से पांच लोगों का अंतिम संस्कार किया गया, जबकि मृतकों में शामिल एक मुस्लिम किशोरी को गांव में ही सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों के अलावा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। उधर दूसरी ओर सभी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता जारी कर दी गई है।
अरवल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बिजली गिरने से मन्नीलाल अवस्थी (55) पुत्र छैल बिहारी, गगन बिहारी (45) पुत्र मंगलाचरण, शिवम (26) पुत्र भूप सिंह, मंसूरापुर निवासी सहरीन बानो (15) पुत्री नवी मोहम्मद, सियाराम (55) पुत्र घासीराम और ग्राम जिगनी निवासी रावेंद्र (35) पुत्र जालिम की मौत हो गई। इसी दौरान बिजली टिन शेड पर गिरी और सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। मंसूरापुर निवासी अवधेश (50) पुत्र मुनेश्वर, संदीप (35) पुत्र राजबहादुर और जोगेंद्र सिंह (38) पुत्र रघुराज निवासी उमरौली भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गए थे। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। भाजपा नेता प्रीतेश दीक्षित, सूरज सिंह सोमवंशी के अलावा बड़ी संख्या में लोगों ने मृतकों को श्रद्घांजलि दी। एसडीएम सवायजपुर रामप्रकाश ने बताया कि सभी मृतकों के आश्रितों के बैंक खातों में चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि भेज दी गई है।