टड़ियावां। थाना क्षेत्र के शिवलालपुरवा में सवा तीन माह पहले हुई नगदी और जेवर चोरी की घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। दो नाबालिग और तीन शातिर पकड़े गए हैं। इनके पास से सोने चांदी के जेवर और पीतल के बर्तन भी बरामद हुए हैं। शिवलालपुरवा निवासी पिंकू रावत ने सात अगस्त को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि उनके घर से चोरों ने सोने चांदी के जेवर और दस हजार रुपये चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
टड़ियावां के प्रभारी निरीक्षक इख्तियार हुसैन ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हापुड़ के धौलहना थाना क्षेत्र के कलाबजेहटा निवासी जाबिद, कला बजेहटा निवासी विकास और कसा बझेड़ा निवासी परवीन को गिरफ्तार किया है। इनके साथ दो किशोरों को भी पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से सोने की एक चेन, एक बेहसर, चांदी की चार पाजेब, एक बिछुआ, चार मोबाइल फोन, पीतल की दो थाली, एक लोटा और 880 रुपये बरामद हुए हैं। बताया कि जाबिद के खिलाफ बेनीगंज कोतवाली , टड़ियावां थाना और हापुड़ के धौलहना में एक एक मामला दर्ज है। विकास के खिलाफ गाजियाबाद, हापुड़, बदांयू और हरदोई के अलग अलग थानों में छह मामले दर्ज हैं। परवीन के खिलाफ भी गौतमबुद्ध नगर में एक और हरदोई में दो मामले दर्ज हैं।
कभी बकरा खरीदने के बहाने तो कभी फेरी लगाने के बहाने करते थे रेकी
प्रभारी निरीक्षक इख्तियार हुसैन ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह लोग कई बार बेनीगंज और टड़ियावां थाना क्षेत्र के अलग अलग गांवों में रेकी करते थे। इन लोगों ने बताया है कि कभी बकरा खरीदने के बहाने गांवों में जाते हैं, तो कभी फेरी लगाने के लिए पहुंच जाते हैं। जब किसी के बारे में पुख्ता सूचना हो जाती है तो घटना को अंजाम दे देते हैं।