हरदोई। राजकीय अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में कराए गए सौंदर्यीकरण कार्याें का लोकार्पण समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने किया। जीआईसी में स्थित छात्रावास का मंगलवार देर शाम लोकार्पण करने के बाद उन्होंने मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पांच लाख रुपये का बजट और देने की घोषणा की। इस बजट से यहां इनवर्टर, इंटरनेट और आरओ वाटर कूलर आदि की व्यवस्था की जाएगी।
समाज कल्याण विभाग ने उक्त छात्रावास के सौंदर्यीकरण के लिए 82.25 लाख रुपये का बजट दिया था। यह कार्य पूरा हो गया है। लोकार्पण करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि निशुल्क आवासीय सुविधा और शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ, व्यवस्थित और शिक्षानुकूल वातावरण मिलने से छात्रों के आत्मविश्वास और शैक्षिक स्तर में वृद्धि होगी। छात्रों से प्रभारी मंत्री ने कहा कि दो घंटे का श्रमदान हर सप्ताह करें। इससे परिसर साफ सुथरा रहेगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, अपर जिलाधिकारी प्रियंका सिंह, परियोजना निदेशक एके माैर्य, मनरेगा उपायुक्त आरपी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाकांत भी मौजूद रहे।