हरदोई। आजादी अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से तिरंगा झंडा की गई खरीदारी के बाद पांच विकास खंड भुगतान देना ही भूल गए। पांचों विकास खंडों पर करीब 25 लाख से अधिक की बकायेदारी चल रही है।
स्वत: रोजगार उपायुक्त ने समूहों को भुगतान न किए जाने पर करीब 65 पंचायत सचिवों के फरवरी माह के वेतन भुगतान पर रोक लगाने की संस्तुति की है।
आजादी के अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा कार्यक्रम में 15 अगस्त को सभी घरों पर तिरंगा लगवाए जाने के लिए स्वयं सहायता समूहों से 20-25 रुपये की दर से तिरंगा झंडा की खरीदारी की गई थी।
बताया गया कि विकास खंड टड़ियावां की 68 ग्राम पंचायतों में 21,080 झंडा लिए गए और इसकी कीमत 5,27,000 रुपये, माधौगंज 77 ग्राम पंचायतों में 23,760 झंडा खरीदे गए और 5,94,000 रुपये, हरपालपुर की 63 ग्राम पंचायतों में 19,530 झंडा लिए गए और 4,88,250 रुपये।
हरियावां की 58 ग्राम पंचायतों में 17,980 झंडा लिए गए और कीमत 4,49,500 रुपये और सुरसा की 68 ग्राम पंचायतों में 21,080 झंडा लिए गए और इसका मूल्य 5,27,000 रुपये मूल्य बना। पंचायत सचिवों ने इसका अभी तक भुगतान नहीं किया है।
स्वत: रोजगार उपायुक्त रवि प्रकाश ने इन पांचों विकास खंडों के बीडीओ से कहा है कि स्वयं सहायता समूहों और क्लस्टर लेवल फेडरेशन को भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। एक सप्ताह में भुगतान न होने पर सभी पंचायत सचिवों के वेतन भुगतान पर रोक की संस्तुति कर दी जाएगी।