हरपालपुर। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के करनपुर मतनी में शुक्रवार रात सौतेले भाइयों के बीच हुए विवाद में एक की मौत होने के मामले में पुलिस ने पांच हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पांचों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
करनपुर मतनी निवासी विजय (65) का भूमि विवाद सौतेले भाई गिरिंद से चल रहा था। इसी भूमि पर खड़े नीम के पेड़ की टहनी काटने को लेकर शुक्रवार रात विवाद हो गया था। गिरींद्र और उसके सात पुत्रों ने विजय, उसके पुत्रों और भतीजों को लाठी डंडों से पीट दिया था।
घटना में विजय की मौत हो गई थी, जबकि उसके पुत्र और भतीजे समेत छह लोग घायल हो गए थे। मृतक के पुत्र राम खेलावन ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गिरिंद और उसके सात पुत्रों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला के मुताबिक रविवार को पुलिस ने गिरिंद, उनके चार पुत्रों रमेश, देशराज, शिवराम व मुलकराम को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी भी पुलिस ने बरामद कर ली है।