प्रथम चरण में शामिल 5 ब्लाकों के छह लाख 26 हजार 466 मतदाता प्रधानी व ग्राम पंचायत सदस्य के कुल 6113 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इधर, प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रथम चरण को पांच सुपर जोन, 19 जोन व 48 सेक्टरों में बांटकर अपनी चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था का दावा किया है। उधर कप्तान उमेश कुमार ने डयूटी से गायब रहने वाले 32 पुलिस कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है।
प्रथम चरण को लेकर 338 ग्राम प्रधान व 4264 ग्राम पंचायत सदस्य सीटों के लिए शनिवार को सांडी, बिलग्राम, माधौगंज, मल्लावां व हरपालपुर में मतदान होगा। शांति पूर्वक मतदान कराने को लेकर प्रशासनिक तंत्र के द्वारा जिले की इस सीट को लेकर क्षेत्र को पांच सुपर जोन, 48 सेक्टर व 19 जोनों में बांट दिया गया है।
प्रत्येक सेक्टर व जोन की जिम्मेदारी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों को दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश मिश्र ने बताया कि अतिसंवेदनशील प्लस की श्रेणी वाले बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ साथ आयोग के प्रेक्षक व कैमरे की भी नजरें रहेंगी। इन पांचों ब्लाकों को कुल 48 सेक्टरों में विभाजित कर दिया है। सबसे अधिक हरपालपुर व बिलग्राम में 11-11 सेक्टर बनाए गए हैं जबकि माधौगंज ब्लाक को 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। मल्लावां को सात एवं सांडी को नौ सेक्टरों में विभाजित किया गया है। कुल मिलाकर प्रथम चरण के पांच ब्लाकों में कुल 48 सेक्टर बनाए गए हैं।