हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमसरा में विवादित भूमि पर लगा बबूल का पेड़ काटने को लेकर रविवार को दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चल गए और फायरिंग हो गई। घटना में दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए जबकि एक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तहरीर न मिलने की बात कही है।
ग्राम जमसरा में चंदा पुत्र सुभान और मौला पुत्र भग्गल के बीच एक बीघा खेत को लेकर कई साल से विवाद चल रहा है। रविवार सुबह चंदा विवादित खेत में लगे बबूल के पेड़ को काटने के लिए पुत्रों नौशाद और अब्बास व भाई रज्जा के साथ गया था। इसकी जानकारी मिलने पर मौला परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गया और बबूल काटे जाने पर आपत्ति जताई।
इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि मौला ने परिजनों के साथ खेत में मौजूद चंदा, उसके पुत्रों और भाई पर लाठियों से हमला कर दिया, जबकि चंदा व उसके पक्ष के लोगों ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
गंभीर रूप से घायल चंदा (50), उसके पुत्रों नौशाद (30) और अब्बास (28), भाई रज्जा (45) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडीला भेजा, जहां से चंदा और रज्जा को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। दोपहर में चंदा ने वहां दम तोड़ दिया।
दूसरे पक्ष से मौला (62), वसीम (30) पुत्र घसीटे, जमीरा (40) पत्नी मुल्ले, जद्दू (60), सैफुद्दीन (52), उसकी पुत्री बबली (16) और शोएब (8) पुत्र कलने भी घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कासिमपुर के प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश सिंह ने बताया कि बबूल काटने के विवाद में दो पक्षों के बीच घटना हुई है। अभी दोनों पक्षों में से किसी ने भी तहरीर नहीं दी है। पुलिस जांच कर रही है।