फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सवायजपुर में फायर स्टेशन का निर्माण शुरू

विज्ञापन
सवायजपुर में अग्निशमन केंद्र के निर्माण को नींव खोदते मजदूर। अमर उजाला - फोटो : HARDOI
विज्ञापन
सवायजपुर (हरदोई)। तहसील क्षेत्र के लोगों के लिए खुशखबरी है। यहां अग्निशमन केंद्र का निर्माण शुरू हो गया है। 8 करोड़ 32 लाख 74 हजार रुपये की लागत से सवायजपुर तहसील मुख्यालय अंतर्गत गौरखेड़ा गांव के निकट अग्निशमन केंद्र का निर्माण होगा। गुरुवार को कार्यदायी संस्था पुलिस आवास निगम लिमिटेड लखनऊ के अवर अभियंता के नेतृत्व में पहुंची टीम ने संबंधित भूमि की पैमाइश लेखपाल से कराई। अग्निशमन केंद्र बनने से सवायजपुर व तहसील क्षेत्र की लगभग तीन लाख आबादी को आग से बचाव में राहत मिलेगी।
विज्ञापन

सवायजपुर तहसील का गठन होने के बाद अग्निशमन केंद्र का निर्माण कराने की मांग तेज हो गई थी। अग्निशमन केंद्र न होने से क्षेत्र में कहीं आग लगने पर जिला मुख्यालय हरदोई स्थित फायर स्टेशन से कर्मियों को सवायजपुर 32 किलोमीटर तक आना पड़ता था। लंबी दूर तय करने के चलते अक्सर टीम उस समय घटनास्थल पर पहुंचती थी, जब आग से सब कुछ जल जाता था। क्षेत्रीय भाजपा विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू फायर स्टेशन का निर्माण कराने के लिए प्रयासरत थे और इसको लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी। विधायक की मांग पर मुख्यमंत्री ने अग्निशमन केंद्र के निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृत कर बजट भी जारी कर दिया। कार्यदायी संस्था पुलिस आवास निगम लिमिटेड लखनऊ के अवर अभियंता श्रीप्रकाश ने बताया कि अग्निशमन केंद्र के लिए स्वीकृत 8 करोड़ 32 लाख रुपये के सापेक्ष दस लाख की प्रथम किस्त मिल गई है। जिससे पानी के लिए सबमर्सिबल इत्यादि लगाने के बाद मुख्य भवन का निर्माण कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने जताई खुशी
बड़ौरा के महिपाल व अजतूपुर के रामदीन ने कहा कि सवायजपुर तहसील में फायर स्टेशन की स्थापना की जरूरत है। अग्निशमन केंद्र के निर्माण से आग से होने वाले नुकसान में काफी कमी आएगी। अर्जुनपुर के ब्रजकिशोर, देवीदीन व प्रेम प्रकाश ने कहा कि आग की घटनाओं पर अंकुश पाने के लिए जिला मुख्यालय से फायर कर्मियों को आना पड़ता था। इससे न सिर्फ आर्थिक, बल्कि कभी-कभी जान का भी नुकसान होता है। तहसील क्षेत्र में फायर स्टेशन के संचालन से फायर कर्मियों को घटनास्थल पर पहुंचने में अधिक समय नहीं लगेगा। जान माल के नुकसान को बचाया जा सकेगा।
विज्ञापन

कोतवाली निर्माण की मांग ने भी जोर पकड़ा
सवायजपुर तहसील मुख्यालय पर जहां अग्निशमन केंद्र का निर्माण होने से लोगों में खुशी है, वहीं 21 साल बाद भी 75 गांवों के बाशिंदों को अभी तक कोतवाली न बन पाने से मायूसी भी है। इस संबंध में विधायक मानवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने बताया कि कोतवाली निर्माण के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से वार्ता भी की है। इसके लिए बजट स्वीकृत होने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बजट स्वीकृत होने के बाद कोतवाली का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें