शहर कोतवाली क्षेत्र में संदिग्ध हालात में दंपति झुलस गए। इससे महिला की
मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना के बाद एएसपी
समेत अन्य पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और युवक को जिला अस्पताल में भर्ती
करवाया, जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
शहर
कोतवाली क्षेत्र के आलू थोक बावन रोड़ निवासी मनीष त्रिपाठी के मकान में
राम प्रकाश (45) पुत्र रामेश्वर अपनी पत्नी पम्मी (40) और आठ साल के पुत्र
अंकित के साथ रहते हैं। वह शहर में पेंटिंग आदि का काम करते हैं। रविवार की
शाम उनका घर में पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
पति-पत्नी के
बीच विवाद के कुछ समय बाद युवक जलता हुआ दरवाजा खोलकर बाहर निकला, तो
मोहल्ले में हड़कंप मच गया। उसके शरीर पर लगी आग को लोगों ने बुझाया।
मोहल्ले वालों ने अंदर जाकर देखा तो महिला की आग भी आग से बुरी तरह झुलस गई
थी।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर शहर कोतवाल नागेश मिश्र मौके
पर पहुंचे और दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां पर महिला को चिकित्सक ने
मृत घोषित कर दिया। वहीं झुलसे युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा
है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की जानकारी होने पर एएसपी पूर्वी
बीसी दुबे और सीओ सिटी रामलाल राय मौके पर पहुंचे और मोहल्लेवासियों से
घटना की जानकारी ली। इसके बाद वह लोग जिला अस्पताल पहुंचे और झुलसे युवक का
बयान दर्ज किया। युवक का कहना था कि पत्नी ने स्वयं आग लगा ली और उसको
बचाने में वह भी झुलस गया।
उधर, मोहल्ले वालों का कहना है कि राम प्रकाश
शराबी पीता था और अकसर पत्नी के साथ विवाद करता था। उसी के चलते महिला ने
आग लगा ली। घटना के वक्त रामप्रकाश ने अपने पुत्र अंकित को पान मसाला लेने
भेज दिया था। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शहर कोतवाल ने बताया कि
मामले की जांच की जा रही है।