संडीला के ईदगाह के निकट के करीब छह माह से बंद पड़ी गाज पट्टी फैक्ट्री में मंगलवार की सुबह आग लग गई। फैक्ट्री मालिक की सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बंद पड़ी फैक्ट्री में आग लगने की घटना संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस भी इस मामले में चुप्पी साधे है। बंद पड़ी फैक्ट्री के स्टोर रूम से दो बार चोरी हो चुकी है।
संडीला के ईदगाह के निकट गौसगंज निवासी मो. यूनुस की गाज पट्टी फैक्ट्री थी। ड्रग इंस्पेक्टर ने करीब छह माह पहले लाइसेंस व कागजात न होने पर सील कर दिया था। सील करने से पहले उन्होंने फैक्ट्री में मौजूद व निर्मित गाज पट्टी को एकत्रित करवाकर एक स्टोर रूम में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया था।
उस दिन से यह फैक्ट्री बंद पड़ी हुई है। बीच में दो बार सील तोड़कर कुछ गाज पट्टी चोरी भी हुई लेकिन पुलिस ने इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की। मंगलवार को फैक्ट्री में आग लगने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस के अनुसार फैक्ट्री मालिक ने पुलिस को आग लगने के बारे में सूचित किया, जिस पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आसपास के लोगाें का कहना है कि उन्होंने फैैक्ट्री से पहले तो आग निकलते देखी ही नहीं और जब फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची तो उन्हें आग लगने के बारे में पता चला और जब दरवाजा खोला गया तो स्टोर रूम में आग लगी थी। कोतवाल डीपी सिंह ने बताया कि कोई तहरीर देगा तो जांच की जाएगी।