भरावन। अतरौली के कुरौंध गांव में सोमवार दोपहर हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से आग लग गई। इससे गांव के दक्षिण खेतों में यूकेलिप्टस के पेड़ आग की चपेट में गए। चार घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। आग से 2500 यूकेलिप्टस के पेड़ झुलस गए।
किसान नंद किशोर पांडेय ने बताया कि तार से निकली चिंगारी से आग भड़क उठी और तेजी से फैल गई। ग्रामीणों ने पानी व यूकेलिप्टस की डालों की मदद से आग पर काबू पाया। आग से राम प्रताप की तीन बीघा, मुनेन्द्र सिंह के पांच बीघा, सुरेश सिंह के दो बीघा, नंदकिशोर पांडेय व धर्मराज पांडेय के एक-एक बीघा भूमि पर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ झुलस गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाईटेंशन लाइन लंबे समय से जर्जर अवस्था में है और इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई थी लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि थाने पर कोई सूचना नहीं है। एसडीओ अतरौली राजीव कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। अवर अभियंता को मौके पर भेज कर जांच कराई जाएगी। अगर बिजली लाइन में कमी हैं,उसका स्टीमेट तैयार कर बदलवाया जाएगा।