शाहाबाद। शाहाबाद नगर के बस अड्डा स्थित एक मिठाई की दुकान के गोदाम में आग लग गई। दुकान के बेसमेंट में स्थित गोदाम में आग लगने की वजह शॉर्ट-सर्किट बताई गई है। अग्निशमन वाहनों ने मशक्क्त कर डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। इस दौरान लाख रुपये का नुकसान हो गया।
शाहाबाद नगर के मोहल्ला बरुआ बाजार निवासी रामू राठौर की बस अड्डे पर मां ज्वाला स्वीट्स के नाम से दुकान है। बुधवार दोपहर लगभग एक बजे दुकान के बेसमेंट स्थित गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से मौके पर खलबली मच गई। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। अग्निशमन वाहन भी मौके पर पहुंचा और लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दो लाख रुपये कीमत के तीन डीप फ्रीजर, आठ बोरी चीनी, चार पीपा रिफाइंड तेल, दो बोरी बेसन, चार बोरी मैदा, शीतल पेय पदार्थ और बेकरी का सामान भी जल गया। रामू राठौर के मुताबिक घटना में लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।