हरदोई। शहर में अटल चौक के पास स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में शनिवार आधी रात के बाद आग लग गई। गश्त कर रही पुलिस ने आग की लपटें उठतीं देख दुकान मालिक और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। घटना में लगभग 20 लाख रुपये के ऑटो पार्ट्स जल जाने का अनुमान है। आशंका है कि शॉर्ट-सर्किट से आग लगी है।
शहर में अटल चौक के पास सांडी रोड पर गुरदेव गुप्ता की गुरदेव ऑटो पार्ट्स के नाम से दुकान है। घटनास्थल से शहर कोतवाली की दूरी लगभग 100 मीटर है। आधी रात के बाद तीन बजे गश्त कर रही पुलिस टीम ने दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलतीं देखीं। इस पर गुरदेव गुप्ता, उनके भाई पूर्व सभासद राज कुमार गुप्ता और राजीव गुप्ता को सूचना दी। यह सभी लोग मौके पर पहुंच गए। इसी बीच अग्निशमन विभाग के दो वाहन भी आग बुझाने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। सुबह लगभग चार बजे आग को पूरी तरह बुझा दिय गया।
गुरदेव गुप्ता के मुताबिक दुकान में बुलेट और सीएनजी वाहनों के स्पेयर पार्ट्स बड़ी संख्या में रखे थे। यह सब जल गए हैं। घटना में लगभग 20 लाख रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई है। आग लगने की वजह पर उन्होंने कहा कि संभवत: शॉर्ट-सर्किट के कारण आग लगी है।