फोटो- 21- पशुशाला में लगी आग को बुझाने का प्रयास करते ग्रामीण। स्रोत: ग्रामीण
टड़ियावां। थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में शनिवार को अज्ञात कारणों से पशुशाला में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से पशुशाला में बंधे मवेशी झुलस गए। ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर पशुओं को बचाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पशुशाला में देर रात करीब 10 बजे अचानक ग्रामीणों ने धुआं उठते देखा। गांव वाले जब तक कुछ समझ पाते तब तक आग भड़क गई और कुछ ही देर में विकराल हो गई। पशुशाला से आग की लपटें उठतीं देख गांव निवासी पशुपालक शेरू पाल ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस बीच गांव वालों ने जान जोखिम में डालते हुए मवेशियों को बचाने का प्रयास किया। फिर भी करीब आठ गाय और एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
कड़ी मशक्कत से करीब डेढ़ घंटे के बाद साढे़ 11 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इससे आसपास बने अन्य मकानों और पशुशालाओं में आग फैलने का खतरा टल गया। प्रभारी निरीक्षक इख्तियार हुसैन ने बताया कि आग से पशुपालक को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।