शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के एक ऐसे प्लॉट का बैनामा महिला को कर दिया गया जो मौके पर था ही नहीं। कब्जा न मिलने पर महिला को शक हुआ तो नगर पालिका से अभिलेख देखे। हकीकत पता चलने पर रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज की। अब पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
नगर के मोहल्ला महमंद निवासी शब्बो ने प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि मोहल्ला बुधबाजार निवासी आजम ने खेड़ा अजमत में उन्हें एक प्लॉट दिखाया था। बताया था कि यह प्लॉट बलाए कोट निवासी हसीन बानो और खेड़ा बीबीजई निवासी बिब्बन का है। गृहकर की रसीद दिखाते हुए प्लॉट का नंबर 613 बताया था। 11 लाख रुपये में सौदा हुआ था। आरटीजीएस के जरिये शब्बो ने भुगतान किया था। 18 नवंबर 2024 को प्लॉट का बैनामा भी कर दिया गया था।
आरोप है कि जब शब्बो ने प्लॉट पर कब्जा मांगा तो आरोपी हीला-हवाली करने लगे। शंका होने पर शब्बो ने नगर पालिका से जानकारी जुटाई तो पता चला कि खेड़ा अजमत में 613 नंबर का कोई प्लॉट ही नहीं है। बीते सात अप्रैल को प्लॉट बेचने वालों से मौके पर प्लॉट न होने और रुपये वापस करने की बात कही तो आरोपियों ने गाली-गलौज की। कोतवाल अरविंद राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर खेड़ा बलाए कोट निवासी हसीनबानो, खेड़ा बीबीजई निवासी बिब्बन, आजम खान, मसूद, मुईन और रिजवान के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।