सांडी। थाना क्षेत्र के जजवासी निवासी महिला की शिकायत पर ग्राम प्रशासक समेत छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन लोगों पर 65 हजार रुपये और दो मोबाइल छीनने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। जजवासी निवासी आशा सिंह ने बताया कि उनके पति वीरेंद्र सिंह की हत्या वर्ष 2017 में कर दी गई थी।
गांव निवासी तेगू इस मामले में आरोपी है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। बताया कि 12 अक्तूबर की रात वह अपने छप्पर के नीचे सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान तेगू, उनकी पत्नी तारादेवी, पुत्र आशू, ग्राम प्रशासक धर्मपाल और उन्नाव जनपद के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के सुब्बापुरवा निवासी उदयकुमार और उदय की पत्नी सीमा वहां आ गईं। इन लोगों ने डंडों और बांकों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। 65 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन छीनकर आरोपी भाग गए।
दावा है कि यह लोग उनकी भूमि पर भी कब्जा करना चाहते हैं। बताया कि पुलिस से शिकायत की, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। इस पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि एसपी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।