जिले के बेरोजगारों को एक बार फिर सेवायोजन कार्यालय
के माध्यम से रोजगार मिला। दो दिवसीय रोजगार मेला में विभाग ने सोमवार को
सौ से ज्यादा युवाओं को रोजगार दिया। सिक्योरिटी एंड इंटेलीजेंस सर्विसेज
इंडिया में पहले दिन सुपरवाइजर व सिक्योरिटी पद के लिए बेरोजगार युवकों का
इंटरव्यू लिया गया। जिनमें चयनित युवाओं को रोजगार मेला स्थल से ही
नियुक्ति पत्र दिए गए।
सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में दो दिवसीय
रोजगार मेला के पहले दिन सिक्योरिटी एंड इंटेलीजेंस सर्विसेज इंडिया में
सुपरवाइजर और सिक्योरिटी गार्ड पद पर नियुक्ति को बेरोजगारों का
साक्षात्कार लिया गया। कंपनी द्वारा सिक्योरिटी गार्ड के लिए शैक्षिक
योग्यता 10वीं पास तथा उम्र सीमा 18 से 40 वर्ष तथा ऊंचाई 170 सेमी और वेतन
छह से आठ हजार निर्धारित किया गया।
सुपरवाइजर के लिए योग्यता स्नातक,
उम्र 21 से 35 वर्ष आयु, ऊंचाई 172 सेमी और वेतन सात से नौ हजार रुपये
निर्धारित है। जिला सेवायोजन अधिकारी कौशलेंद्र सिंह और कंपनी के अफसरों ने
रोजगार मेला में शामिल 600 अभ्यर्थियों का परीक्षण लिया। इसमें दो सौ
को अनुपयुक्त मानते हुए चयन से बाहर कर दिया गया, जबकि 400 अभ्यर्थियों को
दूसरे चरण में लिखित परीक्षा में शामिल किया गया।
कंपनी की ओर से कराई गई
परीक्षा में कुल 115 अभ्यर्थियों का चयन हो सका। जिसमें 42 अभ्यर्थियों को
सुपरवाइजर पद के लिए तथा 73 अभ्यर्थियों को सिक्योरिटी गार्ड के पद पर चुना
गया। चयनित सभी अभ्यर्थियों को मेला स्थल से ही नियुक्ति पद दिए गए। जिला
सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को भी रोजगार मेला का आयोजन किया
जाएगा।