वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत जनपद में पौधरोपण कराया
जा रहा है। वन विभाग द्वारा पौधरोपण कराने के साथ ही हरित क्रांति के
संदेश को लेकर तुुलसी परिवार ने भी पौधे रोपे। रविवार को आश्रम पद्धति
विद्यालय कछौना में विधायक ने पौधे रोपे और शहर में तुलसी परिवार ने
पौधरोपण कर हरित क्रांति का संदेश दिया।
तुलसी परिवार ने शहर में कई
स्थानों पर पौधरोपण किया है। वन महोत्सव के अंतर्गत जिले में काफी बड़े
स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है। वैसे तो वन महोत्सव की शुरुआत एक जुलाई से
कर दी गई। जिसके क्रम में हर दिन वन क्षेत्रों में पौाधरोपण किया जा रहा
है, वहीं अब संस्थाओं ने भी पौधरोपण शुरू कर दिया है।
रविवार को राजकीय
आश्रम पद्धति विद्यालय कछौना के प्रांगण में विधायक अनिल वर्मा ने पौधे
रोपे। विधायक के साथ स्कूल अधीक्षक, बच्चों एवं ग्रामीणों ने छितवन,
जकरंडा, पीपल, पाकड़ व नीम के कुल 215 पौधे रोपे। विधायक ने लोगों से अपील
की कि वह लोग भी कम से कम एक पौधा तो अवश्य लगाएं।
पृथ्वी के पर्यावरण को
शुद्ध रखना हो तो पौधरोपण के अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं है। कहा कि
प्रदेश के 33 प्रतिशत वन क्षेत्र को पूरा करने के लिए किसानों और निजी
क्षेत्रों को अभी अधिक से अधिक पौधों का रोपण करना चाहिए। विधायक ने इस
मौके पर किसान होरीलाल की आश्रित गीता देवी को कृषक दुर्घटना बीमा की चेक
भी सौंपा।
विद्यालय अधीक्षक अमर सिंह ने रोपे गए पौधों को सुरक्षा प्रदान
करने की बात कही। कार्यक्रम में प्रधान संजीव सिंह कुशवाहा सहित कई गांवों
के प्रधान मौजूद थे। शहर में तुलसी परिवार ने छोटा चौराहा स्थित आवास विकास
कालोनी के प्रांगण में पौधरोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की और पशुओं से
सुरक्षा को टी-गार्ड भी लगाए।