स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के प्रपौत्र के खिलाफ दर्ज
हुए मुकदमे को फर्जी बताते हुए उसे वापस लेने की मांग को लेकर सोमवार को
कांग्रेसियों ने जहां एक ओर कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन व नारेबाजी की,
वहीं पूर्व विधायक, सपा, भाजपा पदाधिकारियों समेत समाजसेवियों
ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंप मुकदमे को वापस लेने की
पैरवी की।
कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते हुए लोकसभा क्षेत्र हरदोई
के युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष सिंह ने कहा कि जहां प्रदेश भर में
पत्रकारों के ऊपर प्राणघातक हमले हो रहे हैं, जिसमें एक पत्रकार की जान तक
चली गई व झूठे मामलों में सत्ता पक्ष द्वारा पत्रकारों के उत्पीड़न के
मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
जिले में भी स्वतंत्रता सेनानी के प्रपौत्र विजय
पांडे पर भी ऐसा ही कुछ हुआ है, उन पर फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया, जिसको
वापस लिया जाए। अन्यथा चक्का जाम व प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद एक
ज्ञापन गवर्नर को संबोधित अपर जिलाधिकारी लक्ष्मी शंकर सिंह को सौंपा गया।
इस दौरान शहर अध्यक्ष शशिभूषण शुक्ल, अनुपम दीक्षित, अंकुर चंदेल, सरोज
सिंह चंदेल, रामकुमार गौतम, प्रमोद सिंह चंदेल, भुवनेश प्रताप सिंह,
ओमेंद्र वर्मा आदि मौजूद थे। उधर, मुकदमे को वापस लेने की पैरवी जिले के
समाजसेवियों, भाजपा, सपा पदाधिकारियों व पूर्व विधायक ने भी करते हुए
राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी लक्ष्मी शंकर सिंह को दिया।
ब्राह्मण समाज ने भी कहा कि शाहजहांपुर की घटना की पुनरावृत्ति इस जिले में
न हो तो इसको लेकर शासन-प्रशासन को ठोस कदम उठाने ही होंगे। इस मौके पर
पूर्व विधायक लालन शर्मा, समाजसेवी अरुणेश बाजपेई, रजनीकांत पांडे, सुख
सागर मिश्र मधुर के अलावा भगवान परशुराम प्रेरणा ट्रस्ट की ओर से भाजपा
नेता कमलेश पाठक, सपा उपाध्यक्ष पारुल दीक्षित, अवनीकांत बाजपेई, सुभाष
पांडे, प्रफुल्ल मिश्रा, सुनील शुक्ला आदि मौजूद थे।